कप्तानगंज तहसील में भ्रष्टाचार पर सख्ती, रिश्वतखोरी पर होगी कार्रवाई: तहसीलदार*
कुशीनगर। कप्तानगंज तहसील में कार्यप्रणाली को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए तहसीलदार चंदन शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तहसील में किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
तहसीलदार ने कहा कि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से बार-बार तहसील बुलाना गलत है। यदि किसी किसान या गरीब व्यक्ति का उत्पीड़न या धन उगाही की शिकायत मिलती है, तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि तहसील राजस्व विभाग का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां लेखपाल और कानूनगो की जिम्मेदारी है कि वे जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, जमीन की पैमाइश, रिपोर्ट तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करें।
तहसीलदार ने कहा कि सरकार द्वारा कर्मचारियों को पर्याप्त वेतन और संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि काम के नाम पर रिश्वत लेना और देना दोनों अपराध हैं।
उन्होंने किसानों और आम नागरिकों से अपील की कि यदि कोई कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसका प्रमाण उपलब्ध कराएं। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी को निलंबित किया जाएगा।








